गिरनार – आस्था का शिखर ; हृदय विदारक घटना : जैन यात्री की वंदना में मृत्यु

0
72

25 नवंबर 2026 / मंगसिर कृष्ण एकम/चैनल महालक्ष्मी और सांध्य महालक्ष्मी/ शरद जैन

72 करोड़ 700 मुनिराजों की मोक्षस्थली गिरनार। जहां दूसरी टोंक से अनिरुद्ध स्वामी आदि, तीसरी टोंक से शम्भू स्वामी आदि, चौथी टोंक से प्रद्युम्न स्वामी आदि और पांचवीं टोंक से 22वें तीर्थंकर श्री नेमिनाथ सहित 536 महामुनिराज सिद्धालय गये। वही स्थल, जहां जैन समाज से ही उनका तीर्थ छीना जा रहा है, वही तीर्थ जिस पर गुजरात हाईकोर्ट ने 17 फरवरी 2005 को अन्तरिम आदेश जारी कर दत्तात्रेय को मानने वाले और नेमिनाथ जी को मानने वाले, दोनों पक्षों को अपनी-अपनी परम्परा से व पूजा दर्शन का अधिकार दिया व वहां स्थिति को जस का तस रखा जाने की बात कही।

पर तब से आज तक अदालती आदेश की अवमानना होती आ रही है, यहां तक कि दिगंबर मुनिराज प्रबल सागरजी के छाती पर चाकुओं से वार कर प्राणघातक हमला किया। कई अनशन हुए, दो बार स्वयं वर्तमान प्रधानमंत्री और उस समय के गुजरात मुख्यमंत्री रहे श्री नरेन्द्र मोदी ने जैनों के प्रति न्याय के खूब आश्वासन दिये, पर कुछ भी नहीं हुआ। जैन बस तब से आज तक पिटते आ रहे हैं, गाली-गलौज, धमकियां, सब चल रहा है, इतना हौआ कि पीड़ित शिकायत भी दर्ज नहीं करवा सकता। कारण! उसी पर उल्टा और गंभीर प्राथमिकी दर्ज होने की आशंका। साथ ही वहां की स्थिति में निरंतर बदलाव भी होते आ रहे हैं। कुछ नहीं कर पा रहा जैन समाज। इन सबके चलते घायल भी हुए, कभी वहां से फिसले भी, चोटें भी आई, पर ऐसा कभी नहीं हुआ, जो 11 नवंबर 2026 को हुआ।

बेंगलुरू से आये तीर्थयात्री संदीप जैन की वापसी के दौरान हार्टअटैक पड़ने से मृत्यु हो गई। संभवत: गिरनार में किसी जैन श्रद्धालु के साथ इस तरह से अचानक प्राण त्यागने का यह पहला हृदय विदारक दर्दनाक हादसा है।

11 नवम्बर को संदीप जैन जी सुबह पूरे उत्साह के साथ दस हजार सीढ़ियां चढ़कर सभी पांचों टोंकों के दर्शन करने के लिये बाढ़े पर तीसरी टोंक शम्भू स्वामी पर उतरते समय उनकी अचानक तबियत बिगड़ी और वे गिर पड़े। गिरनार रोपवे के कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें ट्राली से नीचे उतारा और जान बचाने के लिए लगातार सीपीआर दिया। 108 एंबूलेंस के माध्यम से उन्हें तुरंत जूनागढ़ के सिविल अस्पताल में भी ले जाया गया, लेकिन नियति को मानो कुछ और मंजूर था। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

चैनल महालक्ष्मी यहां पर जरूर कहेगा –
भक्ति की राहों में कदम जब भी बढ़ते हैं,
प्रभु से मिलने को हम ऊंचे शिखरों पर चढ़ते हैं।
पर नश्वर काया की सीमओं को भी पहचानना होगा,
आस्था के साथ-साथ अब सेहत को भी जानना होगा।।


निश्चिय ही यह घटना हमारे लिए एक ‘आई ओपनर’ है। अक्सर हम असीम भक्ति, भाव और तपस्या के जोश में अपनी शारीरिक सीमाओं को अनदेखा कर देते हैं, गिरनार हो या सम्मेद शिखरजी, यह वंदना कोई सामान्य पैदल यात्रा नहीं है, यह शरीर और स्टेमिना की एक चरम परीक्षा है। यह दुखद घटना हमें यह सबक सिखाती है कि ‘धर्म साधना के लिए शरीर ही प्रथम माध्यम है।’

तीर्थों की यात्रा रहे मंगलमय, बस मन में इतनी-सी आस है,
सांसों की डोर सलामत रहे, क्योंकि हर जीवन बहुत खास है।
भावपूर्ण श्रद्धांजलि संदीप जी को, और हम सबको मिले ये ज्ञान,
भक्ति के इस पावन पथ पर, रखें अपने शरीर का भी ध्यान।।


पूरी जानकारी के लिए उपरोक्त लिंक को क्लिक करिये