इधर हुई स्थापना, उधर हो गई निष्ठापना – यह कैसा चातुर्मास? ॰ न चुटकुले, न घर-घर की कहानी

0
85

11 नवंबर 2026 / कार्तिक शुक्ल द्वितीया /चैनल महालक्ष्मी और सांध्य महालक्ष्मी/ शरद जैन
शरद जी, तुम भी मुस्कराओ,इसलिए आप जीवित हो
॰ 46 जिनालयों के दर्शन
॰ समाधि तंत्र शास्त्र के साथ समयसार, नीति शास्त्र, पदमपुराण आदि अनेक ग्रंथों से तत्व विवेचना
॰ संघ विस्तार, गोष्ठियां, बस स्वाध्याय और अध्ययन


आषाढ़ माह की शुक्ल चतुर्दशी का ही तो दिन था, हां जगह थी कड़कड़डूमा में सीबीडी ग्राउंड का विशाल पण्डाल, खचाखच भरा था, गजब का उत्साह था, सैकड़ों कलशों के बीच 24 पिच्छी के संग आचार्य श्री विशुद्ध सागरजी का दिल्ली एनसीआर नहीं, उत्तर भारत का सबसे बड़ा चातुर्मास शुरू हुआ ऋषभोदय, ऋषभ विहार में, और फिर एक और चतुर्दशी, कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की, तब हो गया निष्ठापन। यही सच है, चतुर्दशी को हुई स्थापना, चतुर्दशी को निष्ठापना में बदल गई।

वर्षायोग कब हुआ, इतनी जल्दी, यह कैसा वर्षायोग, अभी तो तपती धरा को भिगोने के लिए, शीतल करने के लिए बादल बनने शुरू हुए ही कि एक तेज हवा चली और सबको उड़ा ले गई। नहीं, हवा नहीं, बादल ही उड़ चले, डाल पर बैठा पंछी आया तो 24 के साथ, चल दिया 30 के साथ, अलग डाल पर बैठने। सावन, भादो, आश्विन के दो-दो और कार्तिक का एक पक्ष, बस ये 7 पक्ष यानि एक सप्ताह में मानो बीत गये। आपको ऐसा न लगा हो, पर सान्ध्य महालक्ष्मी को जरूर ऐसा लगा। वर्षायोग में 5 दिन वह ऋषभ विहार के पण्डाल में नहीं रहा, दो दिन मथुरा में तीर्थक्षेत्र कमेटी के 125वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में, दो दिन इन्दौर, देवास में और एक दिन तिजारा में, बाकी दिन रहा और गुरुवर के साथ, 46 मंदिरों के दर्शन करने का सौभाग्य मिला, हां तिहाड़ जेल प्रवचन में नहीं गया।

अथाह ज्ञान का भण्डार बरसा और 08 नवम्बर को अपने वर्षायोग निष्ठापन के प्रवचन के अंतिम शब्दों को आचार्य श्री ने कुछ इस तरह परोसा-
‘आज चातुर्मास का समापन है, सकल दिगंबर जैन समाज ऋषभ विहार, दिल्ली और सम्पूर्ण एनसीआर क्या, भारत देश, सारे विश्व की दृष्टि चार मास से दिल्ली की ओर थी, इसमें कोई शंका नहीं है। तुम्हारे शरद जी, ये भी अपने चैनल पर लगे रहे हर व्यक्ति के लिए। एक भैय्याजी (अतुल जैन) जो हर पोस्टर में, उनका नाम छपा रहा (आदिनाथ ज्वैलर्स) कौन हैं वो, मित्र मैं तो उनको पहचानता भी नहीं हूं, हर पत्रिका में नाम लिखा रहता है। सब ने मित्र, सभी ने एक बालक से लेकर वृद्ध तक, इस चातुर्मास को आपने साधन सम्पन्न किया है। चाहे कमेटी हो, चाहे आपके प्रधान जी सुनील जी, मनोज जी, वैभव ये सब कलश चढ़ाने वाले, कलश रखने वाले, कलश की अनुमोदना करने वाले, सबको मंगल आशीर्वाद। इसी प्रकार से आप जो हैं, इस राजधानी में चातुर्मास होगा, तो पूरे देश में जिन शासन की प्रभावना होती रहेगी। बिजेन्द्र भाई, चार महीना अपना घर छोड़कर संचालन करते रहे। सब मुनिराजों ने साधना की है, अनेक ग्रंथों का वाचन हुआ, अनेक मुनियों ने मंत्र पढ़ें, जाप किए, उपवास किए, और आप भव्य श्रावक हैं, बुंदेलखण्ड जैसी चर्या आपने पालन कराई है, इसके लिए आप सबको मंगल आशीर्वाद।

लोग कहते थे कि कैसे आप जा पायेंगे, दिल्ली में कुएं कहां हैं। लेकिन यहां के श्रावकों ने मित्र, बहुत अच्छे से पालन कराया, हर मोहल्ले में ध्यान रखा। चाहे आहार वाले, चाहे निहार वाले बच्चे हों, माता-बहन हों, ढोलक बजाने वाले, भजन वाले, कैमरे वाले, पुजारी, जितने गुरु इस दिल्ली में, सबके लिए मंगल आशीर्वाद।

इसी प्रकार शरद भैय्या सबसे कहना कि मित्र, जैसे यह निर्दोष चातुर्मास कराया है, वैसे आगे भी चातुर्मास कराते रहना, घर-घर में चौके लगाते रहना अपने लिये, मुनिराज के नाम पर नहीं, श्रावक अपने लिये बनाता है और अपने निवास को तीर्थ बनाता है।

पावन चातुर्मास का इतना लम्बा समय मित्र, विमल सागरजी महाराज कहते थे कि शरद भैय्या एक हाथी को बांधना सरल है, एक मुनिराज को रखना, एक हाथी के बराबर होता है। इसलिए आपने तो 25 बुलाए थे, दुनिया में लोग टूट के भाग जाते हैं, यहां तो 25 के 31 हो गये। साधु जो कहते हैं कि दिल्ली में कैसे रह सकते हैं, वो ऋषभ विहार का पता पकड़ कर आयेंगे, आप उनकी भी सेवा करना। हम यह नहीं सिखाते मात्र विशुद्धसागरको देखना, आप दिगंबर पिच्छीधारी कमंडल के साथ वीतरागी मुद्रा को देखना, उनके संयम की साधना अच्छे से कराना। धन की ओर नहीं, आगम की ओर ले जाना।

मुझे नहीं पता इनका कितना खर्च हुआ, कितनी आमदनी हुई, मुझे क्या लेना-देना, घाटा लगे तुम्हारा, आमदनी तुम्हारी, वैसे मुझे विश्वास है घाटा नहीं लग सकता। इसलिए पीछे से रोना मत, महाराज जी कुछ कमा के नहीं देंगे। मैंने पहले ही बोल दिया था, मैं कमाने वाला नहीं, मात्र धर्म ध्यान में रहने वाला हूं। आप सबका जीवन मंगलमय हो।

इतने दिनों में छोटे-छोटे महाराज, आपको पता ही है सब नटखटिया हैं, इनसे कोई भूल हुई हो, तो तुम लोग मन में मत रखना, मुझे सब बता देना, मैं सब समाज से क्षमा मांगता हूं, मुनिराज तो 24 घंटे क्षमा मांगते हैं। विमल सागर महाराज का आशीर्वाद है कि बालक तुम जहां जाओगे तो जय-जयकार होगी। मित्र अपना कुछ नहीं है।

शरद जी, मित्र, ये तीन बातें आप याद रखना, देश का साम्राज्य तुमको प्राप्त होता है, तो मित्र किसी का अहित मत सोचना, हित में कमी करना नहीं और अपनी रक्षा से दूर भागना मत, तभी और सफलता हासिल कर पाओगे। अगर अपनी रक्षा छोडकर के भागोगे, तो ना आप ही बचोगे, ना किसी का हित कर पाओगे। भीड़ में कूदना नहीं, हर दुखिया का दुख दूर करने में कमी नहीं करना।

शरद जी, तुम भी मुस्कराओ। बीच में तो समाचार मिला था। वो शरद गया। (जब अस्पताल में तबियत गंभीर हो गई थी) जा रहा है। तब हमने सुव्रत सागरजी से कहा भाई पता करो, क्या हो गया है, हो सकता है आप पर समाचार गया हो, हमने पूछा था इनसे, भाई शरद जी के कोई समचार नहीं आ रहे, लोगों से सूचना मिली बहुत बीमार पड़ा है, पर मित्र अभी जिनवाणी का और प्रचार करना है, इसलिए आप जीवित हो।

… आचार्य श्री की आंखें हमारी ओर थी, हमारी आंखें भीग गई थी, उन्होंने बहुत कुछ दिया सान्ध्य महालक्ष्मी को, अंगुली पकड़ कर चलना सिखाया। ऐसा कोई प्रवचन हीं जिसमें टोपी वाला, लक्ष्मी चैनल, पांच-सात बार सहजता से न कहा हो। गुरुवर आपके शब्दों को खूब संजोकर रखा है, चार भरी हुई कापियों में नहीं, हृदय में। गुरुवर, आपकी एक खूबी का पूरी तर कायल हूं। आप सिर्फ तत्व की चर्चा करते, व्यवहार से जोड़कर, वहीं घुमाकर ले आते हैं।

आपके प्रवचनों में तुरंत व्यवहारिक उदाहरणों से सीधा भेद विज्ञान तक पहुंचा देना, यह कला मैंने किसी अन्य के प्रवचनों में इससे पहले कभी नहीं सुनी। तीर्थों की सुरक्षा, समाज में उठा पटक, श्रमण व श्रावकों की कमियों – सुधार, इतिहास का झरोखा, जैनत्व की प्रमुखता, पूर्वाचार्यों का योगदान, सरकार का सहयोग, आपने सभी पहलुओं को बखूबी छुआ और हां गुरुवर, आपने हर बार, मुस्कराकर, हाथ उठाकर आंखों में देखते, और कई बार टोकते, शरद जी मेरी तरफ देखो, जो कहा, हर का जवाब, कभी भी, कहीं भी, चाहे मेरी भाषा में न विनय हो, न श्रद्धा हो, फिर भी वो बरसता प्रेम… और हां यह कहना, शरद जी, मैं तुम्हारे साथ नहीं हूं, मैं तुमसे क्या, महावीर को भी अपना नहीं मानता,… मैं अलग, तुम अलग… पाद प्रक्षालन के अवसरों पर मैं झुक नहीं सकता, तो आपके द्वारा पैरों को और उठा लेना, चरण स्पर्श के लिये पैरों को ऊंचा कर लेना, शास्त्र भेंट में मेरे हाथ उतने आगे न बढ़ पाये, तो आपका और आगे बढ़कर हाथों से स्वयं शास्त्र ले लेना, चारों तरफ भीड़ में आपका आगे बढ़ना, दूर से ही मुझे देखकर मेरी नेत्र प्यास को तुरंत तृप्त कर देना, … आप रागी नहीं, वीतरागी है, आप को सिद्धालय जाना है, जल्द से जल्द पहुंचे और इस धरा से मैं सदा आपको बस निहारता हूं, निशब्द हूं।

गुरुवर अब आंखें गीली हो रही हैं, कलम लड़खड़ा रही है, इस निज आत्मा से आप परमात्मा तक भावों का नीर आपके चरणों का प्रक्षालन रोज करता रहूं, चरण रज मस्तक पर, तिलक बन शीतल करती रहें, आपकी (दिव्य) ध्वनि हृदय में सदा मंगल नाद करती रहे, बस बस… इतना जरूर आशीर्वाद देना गुरुवर, पर्याय रहे, तो आपको निकट से देखने आता रहूं, आता रहूं, सुनता रहूं, निहारता रहूं और चंद कदम आपके पीछे चलने का साहस प्राप्त करता रहूं। चरण वंदन… नमन… अभिनंदन।