यह कैसा संयोग गुरुवर मुनि श्री सुधा सागर जी के साथ, समाज कर रहा तैयारी आचार्य पद के लिये CM के साथ, अदालत पुकार रही – ‘अभियुक्त हाजिर हो’

0
158

19 नवंबर 2026 / कार्तिक शुक्ल एकादशी /चैनल महालक्ष्मी और सांध्य महालक्ष्मी/ शरद जैन
॰ कहां चूक हो रही हमारे समाज में, श्रेष्ठी समाज ने क्यों बरती ढिलाई
॰ जिन्हें हम भगवान की तरह वंदन करते, उनके लिये अदालत पेशी अभियुक्त की तरह
॰ यह हमारे समाज की कमजोर कड़ी, स्पष्ट लापरवाही दर्शा रही

जहां सत्य की धार हो, वहां जग का प्रहार है,
तपोनिधि की परीक्षा हो, संसार का व्यवहार है

सभी के वंदीनय पूजनीय और तीर्थोद्धारक मुनि पुंगव श्री सुधा सागरजी मुनिराज, जिनके मंगल प्रवचनों औरर जिज्ञासा-समाधानों ने लाखों भटके हुए मनों को शांति का मार्ग दिखाया है, उनके कुछ समाज के वकीलों के लिये कहे गये शब्दों ने पूरे समाज के लिये एक गहरा प्रश्नचिन्ह और आंखें खोलने वाला प्रसंग खड़ा कर दिया है। यह एक ऐसा क्षण है जो हमें यह सोचने पर विवश कर देता है कि क्या हमारा आधुनिक समाज संतों की खरी और निर्भीक वाणी को स्वीकार करने के लिये तैयार है या फिर हम केवल अपने अहम की रक्षा में ही उलझे हैं?

पहले इन्दौर की अदालत, फिर रांची की अदालत ने वकीलों पर कही गई एक कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में मुनि श्री सुधा सागरजी को समन जारी किये। अब जिला एवं सत्र न्यायालय इन्दौर ने 12 नवम्बर को महात्मा गंधी रोड, इन्दौर थाना के द्वारा 04 दिसंबर को पूर्वान्ह 11 बजे स्वयं उपस्थित होने के समन में लिखा है – अभियुक्त का नाम – मुनि सुधा सागरजी महाराज और फिर निर्देशित करने में शुरूआत की ‘आप अभियुक्त को…’ यह वही भारत देश है, वही दिगंबर संत हैं, जिनके शब्दों को जहां सर्वोच्च न्याय के रूप में कहने के कसीदें पढ़े जाते रहे हैं।

जहां एक तरफ समाज के विभिन्न जिनालयों, संस्थानों द्वारा मुनिश्री से आगामी 15 से 17 दिसंबर को सुमतिधाम में होने वाले कार्यक्रम में आचार्य पद लेने का पुरजोर आग्रह किया जा रहा है, जिसके लिए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी अनुमोदना कर स्वयं उपस्थित होने तक की बात कह दी है, उसके ठीक 10 दिन पहले उसी इन्दौर की अदालत ने स्वयं उपस्थित होने का समन जारी कर दिया। रांची अदालत ने भी 9 सितंबर को प्रारम्भिक कार्यवाही सुनने के बाद 12 नवम्बर को हाजिर होने के आदेश जारी किया, जिसको निरस्त करने के लिए झारखण्ड हाइकोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया है। मुनि श्री की ओर से उनके शिष्य ब्र. सुकांत कुमार जैन द्वारा याचिका संख्या 3006/2026 झारखंड सरकार व अन्य के खिलाफ लगाई है।

गुरुवर मुनि श्री सुधा सागरजी, जिनका सम्पूर्णजीवन परिग्रह और सांसारिक बंधनों से मुक्त है, उन्हें कानूनी कठघरे में खड़ा कने का यह प्रयास आधुनिक व्यवस्था और आध्यात्मिक स्वतंत्रता के बीच एक बड़े टकराव को दर्शाता है।

जैन समाज के लिये यह घटना, मात्र सान्ध्य महालक्ष्मी का समाचार नहीं, बल्कि समाज के लिए एक आई ओपनर चेतावनी है। दिगंबर संत ही नहीं, बल्कि सभी संतों का एक प्रकार से कार्य समाज की कुरीतियों, अज्ञानता और पेशेवर विसंगतियों पर प्रहार करना होता है। उनकी वाणी किसी व्यक्ति विशेष के प्रति द्वेष से नहीं, बल्कि समाज के सुधार की करुणा से जन्म लेती है। जब एक संत समाज को आईना दिखाता है, तो उस आइने को तोड़ने की बजाय, हमें अपने भीतर झांकने की आवश्यकता होती है। न्यायालय प्रक्रियाओं में एक वीतरागी संत को घसीटना यह प्रमाणित करता है कि हमारी सहनशीलता कितनी क्षीण हो चुकी है और हम सत्य को सुनने का साहस खो चुके हैं।

सान्ध्य महालक्ष्मी इस समाचार से इस बात का भी भान कराता है कि सोशल मीडिया के इस युग में जहां शब्दों को उनके मूल संदर्भ से जोड़कर सही वास्तुस्थिति का भान कराये जैसा चैनल महालक्ष्मी भी प्रयास करता है, वहीं दूसरी तरफ काटकर छांटकर कोई आध्यात्मिक से जीवन सुधारने की बजाय, उन पर कानूनी धारायें थोपना सचमुच कलयुग की एक विचित्र विडंबना है।

जिनके वचनों में सुधा और दृष्टि में संसार का सार है।
सत्य बोलने पर मिले समन, यह कैसा कलियुगी विचार है।


पूरी जानकारी के लिए उपरोक्त लिंक को क्लिक करिये