॰ पुलिस को रिकार्डिंग देने के बावजूद नहीं की कार्यवाही
॰ अंतिम क्षण तक अपहरणकर्ताओं से संघर्ष
24 अप्रैल 2026 /बैसाख शुक्ल अष्टमी /चैनल महालक्ष्मी और सांध्य महालक्ष्मी

दिल दहल गया, जब जानकारी मिली कि पुलिस की लापरवाही, ढुलमुल रवैये के चलते एक युवा जैन व्यवसायी का अपहरण कर हत्या कर दी गई। तात्या भैय्याजी ने चैनल महालक्ष्मी को इसकी पूरी जानकारी दी।
13 अप्रैल 2026 की रात करीब नौ बजे कोल्हापुर जिले के शिरोल तालुका के दानोली गांव के 40 वर्षीय युवा व्यवसायी भरतेश राजगौंडा टोपगोंडा का अज्ञात बदमाशों ने अपहरण कर लिया। अपहरण के बाद, बदमाशों ने भरतेश के ही मोबाइल से उनके चचेरे भाई महावीर को कॉल किया। उन्होंने भरतेश को छोड़ने के बदले 25 लाख रुपये की फिरौती मांगी। तभी रात में जयसिंगपुर पुलिस स्टेशन में फिरौती की कॉल रिकार्डिंग के साथ शिकायत करने गये, तीन घंटे के इंतजार के बाद शिकायत ली और वह भी अपहरण की नहीं, मात्र गुमशुदा की। सुबह तक पुलिस ने कुछ भी नहीं किया।

उधर महावीर ने किसी तरह फिरौती का इंतजाम कर, दो दोस्तों के साथ लेकर बताये स्थान पर पहुंचे। पर अपहरणकर्ता लगातार अपनी लोकेशन बदलते रहे और महावीर को अलग-अलग जगह पर बुलाते रहे। कुछ समय बाद अपहरणकर्ताओं ने मोबाइल फोन बंद कर दिया, जिससे उनके परिवार की चिंता और बढ़ गई।

काफी खोजबीन के बाद सुबह भरतेश का शव शेरीमाला इलाके में एक गन्ने के खेत में मिला। शव मिलने की सूचना पर पुलिस हरकत में आई। पुलिस को घटनास्थल पर भरतेश की गाड़ी और चप्पल बरामद हुई, वहां संघर्ष के निशान भी मिले हैं। पुलिस को मौके से एक अन्य व्यक्ति, संभवत: अपहरणकर्ता का मफलर और नाइट सूट भी मिला है। इस घटना के बाद से स्थानीय दानोली और आसपास के इलाकों में भारी रोष और तनाव है। पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया जा रहा है। ग्रामीणों का मानना है कि अगर पुलिस समय रहते सक्रिय होती, तो भरतेश की जान बचाईजा सकती थी। हमेशा की तरह पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों की जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
इस बारे में पूरी रिपोर्ट चैनल महालक्ष्मी के एपिसोड नं. 3687 में देख सकते हैं।
चैनल महालक्ष्मी चिंतन : जिनके हाथ में सुरक्षा का जिम्मा था, वे ही लापरवाह बन गये और एक युवा व्यवसायी को जान से हाथ धोना पड़ा। ऐसी घटनायें पूरे समाज में तनाव पैदा करती हैं और परिवार के लिये जीवन भर के गहरे घाव। यह महज एक संघर्ष करते युवा की हत्या ही नहीं हुई, उसे पूरे परिवार को जीते जी मार दिया।















