30 सितम्बर 2025 / आश्विन शुक्ल अष्टमी /चैनल महालक्ष्मीऔर सांध्य महालक्ष्मी/
भारतवर्षीय दिगंबर जैन तीर्थक्षेत्र कमेटी के शतकोत्तर रजत (125वें) स्थापना वर्ष 2026-27 के उपलक्ष्य में राष्ट्रसंत परम्पराचार्य श्री प्रज्ञ सागरजी मुनिराज के परम सान्निध्य में दिल्ली के श्री दिगंबर जैन सभा (रजि.) बाहुबलि एन्क्लेव, दो दिवसीय राष्ट्रीय जैन पत्रकार सम्मेलन का आयोजन अखिल भारतीय जैन पत्र सम्पादक संघ के सहयोग से कर रही है।
आचार्य श्री प्रज्ञसागरजी ने चर्चा के दौरान सान्ध्य महालक्ष्मी को बताया कि वर्तमान में जैन धर्म संस्कृति को अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने व अपने तीर्थों की सुरक्षा की नितांत आवश्यकता है। यह दो दिवसीय पत्रकार सम्मेलन उसी कड़ी में एक प्रयास है। इस सम्मेलन में जहां देशभर से आ रहे पत्रकारों को दिल्ली के कुछ प्राचीन व अतिशयकारी जिनालयों का दर्शन कराया जायेगा, वहीं चार विषयों पर उनके विचाररूपी लेखों की वाचना भी होगी, विषय हैं:-

1. जैन जनसंख्या 40 करोड़ थी पूर्व में, पर आज सरकारी आंकड़ों में 45 लाख, और समाज के अनुसार 1-2 करोड़ रह गई, इसके कारण क्या हैं और इसकी बढ़ोतरी के क्या उपाय हैं?
2. अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जैन धर्म के फोलोअर्स कैसे बढ़ें, क्या हैं उपाय?
3. तीर्थों के लिए फण्डिंग किस तरह हो कि मांगना न पड़े, लोगों में स्वयं जागरूकता आये, उसके लिये विभिन्न कारगर योजनायें क्या हों?
4. भारतवर्षीय दिगंबर जैन तीर्थक्षेत्र कमेटी की 124 वर्ष की उपलब्धियां तथा 125वें स्थापना वर्ष के लिए क्या हों योजनायें तथा पत्रकारों की उसमें भूमिका।

आचार्य श्री ने कहा कि वर्तमान में महावीर स्वामी के सिद्धांतों की महज जैनों में नहीं, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जैनेत्तर समाज में पहुंचाने की नितांत आवश्यकता है, इसके साथ आजकल तीर्थों पर हो रहे हमले, बदलाव को देखते हुए, उन्हें सुरक्षित करना पूरे समाज का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि चारों विषयों में श्रेष्ठ विचार प्रकट करने वाले पत्रकार को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
तीर्थक्षेत्र कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जम्बू प्रसाद जैन ने कहा कि इन विचारों का जहां पत्रकार पूरे देश में प्रचार-प्रसार करेंगे, वहीं तीर्थक्षेत्र कमेटी की पत्रिका तीर्थवंदना में भी चारों श्रेष्ठ लेखों का प्रकाशन होगा।
देश भर के पत्रकार, इस सम्मेलन में भाग लेने के लिए अखिल भारतीय जैन पत्र सम्पादक संघ के अध्यक्ष शैलेन्द्र जैन एडवोकेट (9412272577) महामंत्री अखिल बंसल (992655786) या चैनल महालक्ष्मी (9910690825) से सम्पर्क कर सकते हैं।

बाहुबली एन्क्लेव जैन सभा के अध्यक्ष नवीन जैन ने कहा कि आचार्य श्री का यह बहुत अच्छा प्रयास है, और बाहुबली एन्क्लेव समाज इस तरह की जागरूकता के लिए सदैव तत्पर रहेगा।
उन्होंने बताया कि हर पत्रकार को ए 4 के दो पृष्ठ पर सुस्पष्ट हस्तलिखित या टंकण कर उपरोक्त चार विषयों में से एक पर मौलिक आलेख अवश्य लिख कर लाना होगा। उस विषय पर न कहीं से कट पेस्ट और नही एआई चेट जीपीटी का उपयोग होगा। लेख में पत्रकार के मूल गहन चिंतन के विचार होने चाहिए। ये आलेख आते ही उन्हें संयोजक के पास जमा कराने होंगे और आचार्य श्री उनका अवलोकन कर पुरस्कारों का चयन करेंगे। किस पत्रकार को दौन से विषय पर लिखना है, इस बारे में शैलेन्द्र जैन या अखिल बंसल निर्देशित करेंगे।


















