2553वां महावीर स्वामी मोक्ष कल्याणक – कहीं बना इतिहास, कहीं मिट रही आस

0
241

11 नवंबर 2026 / कार्तिक शुक्ल द्वितीया /चैनल महालक्ष्मी और सांध्य महालक्ष्मी/ शरद जैन

पावापुरी: 6 घंटे में सब सूना
श्री महावीरजी : डेढ़ घंटे में दो हजार चरण स्पर्श
अजमेर : सैकड़ों साल बाद एकता का बिगुल
ग्वालियर : जिनालय स्कूल कब्जे में, लाडू सड़क पर

कार्तिक कृष्ण अमवास, सोमवार, नवम्बर की 9 तारीख, वह दिन जब कहीं तड़के 3 बजे से तीर्थों पर चहल – पहल शुरू हो गई थी जैसे श्री महावीरजी, पावापुरी और वहीं अधिकांश जिनालयों में प्रात: 5 से 6 बजे के बीच। दिन था बहुत खास, वर्तमान जिनशासन नायक तीर्थंकर श्री महावीर स्वामी का 2553वां मोक्ष कल्याणक।

पावापुरी – 6 घंटें में सब सूना

क्षेत्रीय मंत्री बिमल जैन जी से सान्ध्य महालक्ष्मी की जो बात हुई, वह पूरे जैन समाज को आईना दिखाती है। हर बार की तरह इस बार भी हजार के लगभग श्रद्धालु पावापुरी पहुंचे। सवा चार बजे धर्मशाला वाले मंदिर से शोभायात्रा जल मंदिर की ओर चली, 5 बजे पहुंची, निर्वाण लाडू चढ़ाने, दर्शन, भजन आदि के बाद जैसे ही सूर्य सिर पर चढ़ा, पूरा पावापुरी खाली हो गयी, इतना बड़ा सिद्धक्षेत्र और यात्री शून्य।

यही नहीं 7 से 9 वम्बर तक यहां त्रिदिवसीय राजकीय पावापुरी महोत्सव भी पिछले वर्षों की भांति आयोजित हुआ। हजारों उपस्थित रहे, पर उनमें जैन कितने थे, अपनी अंगुलियों पर गिन सकते हैं। इस बार महोत्सव का उद्घाटन राज्यपाल ले. जन. सैयद अता हुसैनजी ने किया और उन्होंने स्पष्ट बताया कि ‘मैं पहली बार किसी जैन मंदिर में आया हूं। इस धर्म पर मैं अभी रिसर्च कर रहा हूं। अगले वर्ष आपको पूरी जानकारी दूंगा।’

हां, पावापुरी में दिगंबर जैन धर्मशाला मंदिर का रूप अब बिल्कुल निखर गया है, मनमोहक सुंदरता से अब बहुत आकर्षित दिखता है जिनालय।

श्री महावीरजी – जहां चरण छूने का टूटा रिकॉर्ड
वरिष्ठ प्रबंधक नेमि कुमार जी ने सान्ध्य महालक्ष्मी को बताया कि इस बार तो रिकार्ड टूट गये। झण्डारोहण के बाद बड़े मंदिर से बड़े बगीचे तक शोभायात्रा जाती है। महिलायें कलश लेकर चलती हैं, जहां 8 तारीख को अजैन भाइयों की संख्या ज्यादा थीं, वहीं 9 को सभी जैन भाई थे।

प्रात: साढ़े तीन बजे चरण स्पर्श का सिलसिला शुरू हुआ और 5 बजे तक दो हजार लोगों ने मूल प्रतिमा के चरण छूने का सौभाग्य प्राप्त किया। यह एक नया रिकार्ड बना। विभिन्न वेदियों पर और पण्डाल में निर्वाण लाडू चढ़ाना 5.45 बजे से शुरू हो गया। दोपहर तक अधिकांश यात्री वापस लौट गये और फिर रोजाना की तरह 400-500 लोग ही रह गये।

अजमेर – सैकड़ों साल बाद एकता का बिगुल
सबसे स्मरणीय इतिहास बनाया अजमेर नगरी में, जहां सैकड़ों वर्ष बाद समाजिक एकता का सूत्रपात हुआ। मेरा मंदिर-तेरा मंदिर के नामपर झगड़ने वालों के लिये यह एक अविस्मरणीय दृश्य था।

पहली बार सरावगी मौहल्ला अजमेर के सातों मंदिरों – छोटा धड़ा मंदिर, गुफा मंदिर, पदमावती माता मंदिर, गोधों का मंदिर, नया धड़ा मंदिर, चैत्यालय मंदिर और महापूत जिनालय के श्रीजी एक ही मंच पर ससम्मानपूर्वक विराजमान किये गये। यह शुरूआत अब धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज के अधिकाधिक लोगों को जोड़ने, सेवा-पूजा में सहभागिता बढ़ाने और जिनालयों की व्यवस्था को मजबूत बनाने के प्रयास में मजबूत कड़ी साबित होगी।

ग्वालियर फोर्ट- जिनालय पर स्कूल का अवैध कब्जा, लाडू चढ़ा सड़क पर
सैकड़ों वर्ष प्राचीन वर्धमान जिनालय जो गोपाचल पहाड़ी पर स्थित है, पर बाद में सिंधिया स्कूल ने अपने प्लेग्राउंड परिसर में लेकर उस पर कब्जा जमा लिया। अभी हाल में सुप्रीम कोर्ट ने सिंधिया स्कूल की एसएलपी भी खारिज की है। समाज के लोगों ने स्कूल को लिखित पत्र देकर अनुमति मांगी, पर पत्र लेने से ही इंकार कर दिया। इस वर्धमान जिनालय से सब प्रतिमायें तो हटा दी गई हैं, नवदेवताओं में जिनालय भी आता है, तो उसके आगे द्वारों के ऊपर उकेरी हुई पदमासन प्रतिमायें स्पष्ट बताती हैं कि यह दिगंबर जिनालय है।

मजबूरन सड़क पर 20×10 साइज के सड़क पर बने टीन शेड में निर्वाण लाडू चढ़ाया गया। सान्ध्य महालक्ष्मी टीम ने कुछ समय पहले अल्पसंख्यक आयोग के साथ जाकर स्वयं यहां की पूरी स्थिति जानी थी।

ग्वालियर केन्द्रीय कारागार- जेल में चढ़ा निर्वाण लाडू
अक्टूबर 2006 में खुदाई के दौरान केन्द्रीय कारागर जेल में लगभग साढ़े तीन फीट की महावीर स्वामी की प्रतिमा निकली, जानकारी दबाने की कोशिश की गई, पर तब वहां एक जैन महिला कांस्टेबल सरोज जैन ने समाज को जानकारी दे दी। इस पर उस कांस्टेबल को बहुत प्रताड़ित किया और उसका बाहर स्थानांतरण बाहर भी कर दिया गया, आज वो हमारे बीच नहीं है।

समाज ने प्रतिमा देने की बात कही, पर जेल सुपरिटेंडेंट ने प्रतिमा देने से मना कर दिया। भारी दबाव के बाद मौखिक रूप से वहीं जिनालय बनाने की अनुमती दी। 8 Ÿ8 का कमरा बनाया, कई साधु भी दर्शन करने गये, पर कोई कागज आज जैन समाज के पास नहीं है। प्राचीन मूर्ति पर प्रशस्ति लगभग मिट गई थी। अब बाद में गये आचार्यों ने अपने नाम की नई प्रशस्ति लिखवा दी। क्या यह उचित है, गंभीर चिंतन का प्रश्न है। पर वहां उसका अभिषेक-पूजन भी एक बड़ा सवाल है। वहां धोती-दुपट्टा, कलश आदि समाज ने सब रख दिया है, पर अजैन लोग कैसे प्रक्षाल पूजा करते होंगे, अपनी – अपनी परम्परा से ही शायद। दो साल पहले उसी कारागार में प्रशासन ने राम मंदिर भी बनवाया, जिसमें नियमित उसी रूप में पूजा आदि होती है, तो जैन मंदिर में क्यों नहीं? कौन जल को प्रासुक करे? कई सवाल हैं, जिनके जवाब ढूंढने होंगे, कोई दस्तावेज भी नहीं। सबूत के रूप में चैनल महालक्ष्मी ने 21 अक्टूबर 2006 के भास्कर, ग्वालियर की न्यूज जरूर संभाल कर रखी है।

यहीं पर 15 लोगों को अनुमति मिली और उन्होंने निर्वाण लाडू चढ़ाया।

वैसे देश में ही नहीं, कुछ बाहर के देशों में भी यह निर्वाण महामहोत्सव मनाने की सूचनायें मिली हैं।