संपन्नता के महल में पसरा सन्नाटा – एक जिद और एक विवाद ने छीन ली प्रतिष्ठित कारोबारी की सांसें

0
420

15 मई 2026 / जयेष्ठ कृष्ण चतुर्दशी /चैनल महालक्ष्मी और सांध्य महालक्ष्मी/

इंदौर की पॉश टाउनशिप ‘शांति निकेतन’ का वह आलीशान मकान 03 मई की रात एक ऐसी चीख का गवाह बना, जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। शहर के जाने-माने हार्डवेयर कारोबारी, 62 वर्षीय सुधीर पाटनी ने अपनी ही लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारकर जीवनलीला समाप्त कर ली। यह घटना उस समय हुई जब घर में केवल उनकी पत्नी मौजूद थीं।

सात समंदर पार बसे बच्चों के पास जाने पर विवाद
इस दुखद घटना की जड़ में कोई आर्थिक तंगी नहीं, बल्कि एक गहरा पारिवारिक भावनात्मक द्वंद्व था। सुधीर पाटनी के बेटा और बेटी दोनों यूएसए में रहते हैं। उनकी पत्नी लंबे समय से बच्चों के पास विदेश जाने की इच्छा जता रही थीं और सोमवार 04 मई की दोपहर उनकी फ्लाइट भी थी। लेकिन सुधीर जी उन्हें जाने से रोक रहे थे। रविवार रात करीब 12 बजे इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद भी हुआ। शायद उन्हें अकेलेपन का डर था या अपनों से बिछड़ने की टीस, जो एक सफल कारोबारी के मन पर हावी हो गई। विवाद के बाद वे कमरे में गए और वह आत्मघाती कदम उठा लिया, जिसने सब कुछ खत्म कर दिया। आज उस घर में सन्नाटा है जहाँ कभी खुशियाँ चहकती थीं।

सहनशीलता ही असली संपत्ति
इस घटना पर दिल्ली के एनसी जैन द्वारा जानकारी देने पर मुनि श्री प्रमाण सागर जी महाराज ने समाज को आईना दिखाते हुए कहा – जीवन में परिस्थितियों से जूझने की शक्ति विकसित करनी चाहिए। छोटी-छोटी बातों पर तीखी प्रतिक्रिया और सहनशीलता की कमी ऐसी दुखद घटनाओं को जन्म देती हैं।

इस बारे में पूरी जानकारी चैनल महालक्ष्मी के एपिसोड नं. 3709 में देख सकते हैं।

सान्ध्य महालक्ष्मी चिंतन : यह घटना साबित करती है कि बैंक बैलेंस कितना भी बड़ा क्यों न हो, मानसिक शांति और धैर्य के बिना सब अधूरा है। अपनों से बात करें, तनाव को साझा करें और याद रखें कि हर समस्या का समाधान जीवन है, मृत्यु नहीं।
सावधान: मानसिक स्वास्थ्य अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि आप या आपके परिचित किसी तनाव से गुजर रहे हैं, तो कृपया विशेषज्ञों से मदद लें।