03 नवंबर 2025 / कर्तिक शुक्ल त्रयोदशी /चैनल महालक्ष्मीऔर सांध्य महालक्ष्मी/ शरद जैन
॰ आरोपी पति पकड़ा, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में
॰ वकील अतुल जैन नि:शुल्क लड़कर दिलायेंगे न्याय
॰ पीड़ित पिता का आरोप शराबी पति ने दहेज लालच में मार डाला
जब पूरा देश तीर्थंकर महावीर स्वामी का 2552वां मोक्ष कल्याणक मना रहा था, यानी दीपावली, तब 29 वर्षीय एकता जैन, जिसने अपनी मर्जी से दूसरे धर्म के वासु गुप्ता से 30 नवम्बर 2020 को शादी की थी, उसे नहीं पता था कि उसका ही प्यार उसकी वैवाहिक जिन्दगी के 5 साल पूरे होने से पहले ही ले लेगा।

मृतका एकता जैन की माता द्वारा दर्ज प्राथमिकी के अनुसार उसका पति शादी के कुछ समय बाद ही मेरी बेटी को तंग करने लग गया था। शराब पीकर घर आता और बेटी के साथ मारपीट व लड़ाई झगड़ा करता। माता-पिता ने कई बार समझाया भी कि जो हो गया, सो हो गया, बेटी वापस घर आ जा और परिजन 6 महीने बाद ही पति के पिता की मृत्यु के बाद वापस ले भी आये। पर वासु गुप्ता नहीं माना, 3-4 महीने बाद ही माफी मांगने लगा। उसने अलग रहने को कहा तो एकता जैन के माता-पिता ने किराये पर अलग मकान दिला दिया, जिसका किराया आज तक वो ही भर रहे हैं। यही नहीं उसे 7-8 लाख रुपये भी कामधंधा शुरू करने को दिये पर शराबी वासु ने 5-6 माह में सब बर्बाद कर दिया और फिर लड़ाई-झगड़ा शुरू कर दिया। अभी कुछ समय पहले 1-2 लाख दिये, वो भी बर्बाद कर दिये।

दीपावली, 21 अक्टूबर 2025 सुबह 8 बजे बेटी के पिता के पास कॉल वासु ने किया कि एकता दरवाजा नहीं खोल रही। फोन मिला रहा हूं, उठा नहीं रही, रात भर सड़क पर सोया हूं। अब गेट तोड़ना पड़ेगा, उसे सुझाव दिया कि दूसरी चाबी से खोल लें, उसने कहा ठीक है। फिर दोपहर 12 बजे करीब फोन आया कि एकता नहीं रही। उसका भाई लक्ष्मी नगर पहुंचा, तो वासु नशे में धुत और कमरे में एकता का शरीर पंखें से लटका मिला। वासु कोई काम नहीं करता, एकता टीचर का काम कर रही थी। वह उसकी कमाई छीन कर शराब में उड़ा देता, नहीं देने पर मार पिटाई। दीपावली की रात को एकता ने घर पर फोन किया था, कि मां आज (20 अक्टूबर को) बोनस मिला है, पूरे घर को सजाऊंगी। पर उसे क्या पता था घर सजाने वाली एकता की अर्थी सजाने की तैयारी हुई हो गई है। वासु ने कहा उसने आत्महत्या कर ली, पर चैनल महालक्ष्मी से बात करते हुए उसके पिता नरेन्द्र जैन ने कहा कि उसकी बेटी की हत्या हुई है। कुछ दिन पहले ही वे चैनल महालक्ष्मी के साथ अयोध्या से लौटे थे, बहुत खुश थे तब।

दहेज और शराब ने एक जैन बेटी को इस दुनिया से विदा कर दिया। संदिग्ध अवस्था में मिले शव की प्रारंभिक जांच में मृत्यु का कारण फांसी लगाना बताया गया। पुलिस ने 24 अक्टूबर को पति वासु गुप्ता को यह कहते हुये गिरफ्तार किया कि जांच की निष्पक्षता और अभियोजन की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए उसकी गिरफ्तारी आवश्यक है।
25 अक्टूबर को रिमांड आवेदन कड़कड़Þडूमा कोर्ट में प्रथम श्रेणी के न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष सुना गया। सुनवाई के दौरान सरकारी पक्ष, मृतका के परिवार के वकील अतुल जैन, आरोपी और उशका वकील तथा जांच अधिकारी उप-निरीक्षक सचिन शर्मा उपस्थित रहे। उल्लेखनीय बात यह है कि वकील अतुल जैन मृतका के परिवार को नि:शुल्क सेवायें दे रहे हैं। अदालत ने केस फाइल आदि का अवलोकन किया। अभी पोस्टमार्टम की रिपोर्ट लम्बित है, वहीं मृतका एकता जैन द्वारा कथित रूप से छोड़ा गया सुसाइड नोट अभी तक फोरेंसिक जांच से प्रमाणित नहीं हुआ है। अदालत ने वासु गुप्ता को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अब अगली सुनवाई 07 नवंबर को होगी।
















