ब्रेस्ट कैंसर के खिलाफ जागरूकता के लिए 1000 जैन साध्वियां बनेंगी ब्रांड एम्बेसडर,4 साध्वियों में ब्रेस्ट कैंसर होने के शुरुआती लक्षण, 12 साध्वियों की ब्रेस्ट सर्जरी

0
441

19 सितम्बर 2022/ अश्विन कृष्ण नवमी /चैनल महालक्ष्मी और सांध्य महालक्ष्मी/
कैंसर के खिलाफ जंग में जैन समाज ने एक अनुकरणीय पहल की है। ब्रेस्ट कैंसर के खिलाफ जागरूकता के लिए 1000 जैन साध्वियां ब्रांड एम्बेसडर बनेंगी। धर्मगुरु और विविध जैन संघ-अहमदाबाद के सहयोग से यह पहल हुई है। अहमदाबाद में 220 साध्वियों की स्क्रीनिंग के दौरान चार मामलों में ब्रेस्ट कैंसर होने के शुरुआती लक्षण मिले। शहर में 1000 साध्वियां स्क्रीनिंग करवाएंगी। आंबावाड़ी जैन संघ-अहमदाबाद से स्क्रीनिंग की शुरुआत हुई। इस अभियान के सूत्रधार चर्चित कैंसर सर्जन डॉ. मुकेश बावीशी हैं। वे अब तक 12 जैन साध्वियों की ब्रेस्ट सर्जरी कर चुके हैं।

पहले तो साध्वियों ने दो टूक मना कर दिया। वे स्क्रीनिंग के लिए बिल्कुल भी तैयार नहीं थीं। फिर डॉक्टर बावीशी ने 170 जैन संघ की प्रमुख संस्था जैन महासंघ के प्रमुख प्रवीणभाई शाह के समक्ष यह बात रखी। उन्होंने इसके लिए सहमति दी। डॉ. बावीशी के मुताबिक यह चिंता की बात इसलिए है क्योंकि देश में ब्रेस्ट कैंसर के मामलों में चिंताजनक उछाल है। प्रति एक लाख में से 26 महिलाओं को यह बीमारी घेर रही है। साल 2003 से स्थिति चुनौतीपूर्ण हुई है। युवा महिलाएं भी इसकी चपेट में आ रही हैं। अविवाहित, नि:संतान या बच्चों को स्तनपान नहीं करवा पाने वाली महिलाओं को खतरा ज्यादा है। इसलिए समय-समय पर जांच जरूरी है।

220 साध्वियों की अत्याधुनिक थर्मो मैमोग्राफी कैमरे से स्क्रीनिंग
डॉ. बावीशी ने बताया कि अब तक 220 साध्वियों की अत्याधुनिक थर्मो मैमोग्राफी कैमरे से स्क्रीनिंग की गई। इससे भविष्य में आकार लेने वाली/विकसित होने वाली गांठ के चिह्न देखे जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी बैच की महिला रोग विशेषज्ञ डॉक्टर राज्य के अलग-अलग हिस्सों में प्रैक्टिस कर रही हैं, इनके सहयोग से जिला स्तर पर स्क्रीनिंग की तैयारी की गई है। उन्होंने बताया, ‘हमारा लक्ष्य राज्य में अगले साल जून तक 2000 से अधिक साध्वियों की अनुमति लेकर स्क्रीनिंग करना है।’